झालावाड़ की सुनेल पुलिस थाना टीम ने 25 हजार रुपए के इनामी एमडी तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अवैध मादक पदार्थ एमडी की तस्करी से जुड़े मामले में की गई है। इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि यह मामला 17 जनवरी को मिश्रोली क्षेत्र में सामने आया था। भवानीमंडी सीआई प्रमोद कुमार ने मिश्रोली के गांव आमलिया का खेड़ा में एक टापरी पर छापा मारा था। वहां गोपालसिंह पुत्र मांगुसिंह सौन्ध्या राजपूत, नरेंद्रसिंह पुत्र विजयसिंह राजपूत और दिनेशसिंह पुत्र गुमानसिंह राजपूत एमडी फैक्ट्री चलाकर अवैध मादक पदार्थ बना रहे थे। पुलिस ने टापरी से 710 ग्राम तरल एमडी, 780 ग्राम गीली एमडी और एमडी बनाने में प्रयुक्त भारी मात्रा में केमिकल जब्त किया था। इसके अलावा, मौके से गाय-भैंसें और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक अल्टो कार व एक बाइक भी जब्त की गई थी। इस संबंध में मिश्रोली थाने में मामला दर्ज किया गया था, और जांच सुनेल थानाधिकारी सीआई विष्णुसिंह को सौंपी गई थी। घटना के समय से ही आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। सुनेल थानाधिकारी विष्णुसिंह और उनकी टीम ने फरार चल रहे 25 ​हजार रुपए के इनामी आरोपी दिनेश सिंह (28) पुत्र गुमानसिंह राजपूत, निवासी निपानिया हाड़ा, पुलिस थाना मिश्रोली को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी सीआई विष्णु सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी दिनेश सिंह को मिश्रोली और मध्य प्रदेश की सीमा के नजदीक नदी के इलाके से पकड़ा गया। आरोपी से अवैध मादक पदार्थ एमडी तस्करी के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।