कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के कानून पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी और एनसीआरबी रिपोर्ट को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। डोटासरा ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर केंद्र सरकार और बीजेपी पर चुनाव आयोग को कठपुतली बनाने का आरोप लगाया। कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा ने राजस्थान को आपराधिक स्थान बनाकर देश में नंबर-1 करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों में राजस्थान के पहले नंबर पर होने को लेकर डोटासरा ने राज्य सरकार पर तंज कसा। डोटासरा ने एक्स पर लिखा- सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति वाले कानून पर कड़ी टिप्पणी करते हुए मोदी सरकार की मंशा को देश के सामने बेनकाब कर दिया है। "ये बहुमत की तानाशाही है"..सुप्रीम कोर्ट की ये तल्ख टिप्पणी चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति वाले अधिनियम और इस पर न्यायिक बहस से घबराई मोदी सरकार पर है। भाजपा स्वतंत्र चुनाव आयोग नहीं, "सरकारी आयोग" चाहती है डोटासरा ने लिखा- कोर्ट का अप्रत्यक्ष रूप से ये मोदी सरकार के उस निर्णय का कटाक्ष है, जिसमें देश का लोकतंत्र लूटने के लिए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति करने वाली कमेटी से चीफ जस्टिस को हटाकर केंद्रीय मंत्री को शामिल किया गया है। अब चयन समिति में सिर्फ प्रधानमंत्री, एक केंद्रीय मंत्री और नेता प्रतिपक्ष हैं, यानी बहुमत पूरी तरह सरकार के हाथों में है। इसका मतलब साफ है कि भाजपा स्वतंत्र चुनाव आयोग नहीं, "सरकारी आयोग" चाहती है, ताकि एक के बाद एक राज्यों में लोकतंत्र लूट सके। कानून बदलकर चुनाव आयोग को राजनीतिक कठपुतली बनाया डोटासरा ने लिखा- स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव, कानून के शासन और संविधान के अनुच्छेद 14 की मूल भावना से जुड़े हैं। अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष व स्वतंत्र रहेगा, तो भाजपा हर चुनाव पर कब्जा नहीं कर पाएगी। ये देश का दुर्भाग्य है कि संविधान ने जिस चुनाव आयोग को लोकतंत्र का निष्पक्ष प्रहरी बनाया था, मोदी सरकार ने कानून बदलकर उसे अपनी राजनीतिक कठपुतली बना लिया और एक के बाद एक राज्यों में लोकतंत्र लूटने के लिए उसका इस्तेमाल कर रही है। भाजपा ने राजस्थान को "अपराधिस्थान" बनाकर ही दम लिया : डोटासरा NCRB की रिपोर्ट के अनुसार, महिला अपराधों में राजस्थान देश में नंबर होने के बाद डोटासरा ने राज्य सरकार पर तंज कसा है। डोटासरा ने एक्स पर लिखा- ढाई साल लगे लेकिन आखिर भाजपा ने राजस्थान को "अपराधिस्थान" बनाकर देश में नंबर-1 करवाकर ही दम लिया। राजस्थान की शर्मनाक पहचान बनाने वालों को शर्म से डूबकर मर जाना चाहिए। एनसीआरबी की रिपोर्ट चीख-चीखकर कह रही है कि महिला अपराधों में राजस्थान देश में नंबर वन और 19 महानगरों में जयपुर सबसे आगे है। डोटासरा ने लिखा- भाजपा के कुशासन में राजस्थान की पहचान अब पर्यटन, संस्कृति और अपणायत से नहीं, देश में अपराधों से होने लगी है। राजस्थान में 12.2% महिला अपराध दर राष्ट्रीय औसत से 3 गुना ज्यादा होना बताता है कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।