पंचायतीराज चुनाव में अब पानी, बिजली और विकास कार्यों के साथ कुंवारों की सगाई कराने के वादे भी किए जा रहे हैं। सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार ने सोमवार को काकोड़ा ग्राम पंचायत में वार्ड नंबर 4 के प्रत्याशी सुरेंद्र डैला के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि काकोड़ा के लोग उनसे कुछ भी कह सकते हैं। उनकी मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। अगर किसी की सगाई करवानी है तो वह भी करवा देंगे। दरअसल, पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में झुंझुनूं जिले में चुनाव होने हैं। जिले की छह पंचायत समितियों की 167 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए गांवों में चौपाल पर चर्चाएं की जा रही है। एक सीट पर 5- 5 दावेदार सामने आए हैं। वहीं, कई ग्राम पंचायतों में निर्विरोध सरपंच चुनने के लिए एक नाम पर सहमति बनाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। ऐसे में गांवों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। दूसरे चरण में जिले की छह पंचायत समितियों में कुल 167 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें झुंझुनूं पंचायत समिति में सबसे अधिक 32 ग्राम पंचायतें हैं। चिड़ावा और बुहाना में 30-30, सूरजगढ़ में 27, पिलानी में 26 और सिंघाना में सबसे कम 22 ग्राम पंचायतें हैं। चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कई गांवों में दावेदारों के नामों पर चर्चा चल रही है, जबकि कुछ जगहों पर आपसी सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है। दूसरे चरण में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक चलेगा और इसके बाद मतगणना की जाएगी।