बारां के राजकीय महाविद्यालय सीसवाली में मंगलवार को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत एक स्वीप कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा और स्वीप नोडल अधिकारी राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करना और शत-प्रतिशत मतदाता पंजीयन सुनिश्चित करना था। स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव ने स्टूडेंट्स को मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका को अहम बताया। भार्गव ने जानकारी दी कि 17 साल से ज्यादा आयु के युवा 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर की निर्धारित आधार तिथियों पर मतदाता सूची में अपना पंजीयन करा सकते हैं। ईसीआई नेट, वोटर हेल्पलाइन और KYC ऐप की दी जानकारी कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ईसीआई नेट, वोटर हेल्पलाइन और KYC ऐप के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाता पंजीयन, फॉर्म-6बी से आधार लिंकिंग और फॉर्म-8 के जरिए मतदाता पहचान पत्र में संशोधन की ऑनलाइन प्रक्रिया भी समझाई गई। इसके अलावा छात्रों को ऐप के माध्यम से अपने मतदान केंद्र और उम्मीदवारों का विवरण प्राप्त करने का तरीका भी बताया गया। इस अवसर पर 'लोकतंत्र का आधार' विषय पर निबंध और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। निबंध प्रतियोगिता में अनिशा मीणा ने प्रथम, आयुषी नागर ने द्वितीय और खुशबू मीणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में कार्यवाहक प्राचार्य मुकेश मीणा, ईएलसी प्रभारी डॉ. तनु राजपाल, सहायक प्रोफेसर डॉ. पूजा जोरासिया, कीर्ति यादव सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।