भास्कर संवाददाता | टोंक डा. भीमराव अंबेडकर खेल स्टेडियम में 3 करोड़ 82 लाख रुपए से बना सिंथेटिक ट्रैक अब संचालन के लिए शुल्क के साथ चलेगा। अब खिलाड़ियों एवं अन्य लोगों से शुल्क लिया जाएगा। विभाग के पास संचालन एवं रखरखाव की कोई व्यवस्था नहीं है। इसलिए यह कदम उठाया गया है। उल्लेखनीय है कि छह माह पहले ही एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक का पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं टोंक विधायक सचिन पायलट ने उद्घाटन किया था। उसके बाद यहां सुबह बिना किसी शुल्क के प्रवेश दिया जा रहा था। अब ट्रैक की सुरक्षा एवं विकास को देखते हुए शुल्क लगाया गया है। विभाग के पास संचालन की व्यवस्था नहीं थी। अब चौकीदार सहित कई अन्य व्यवस्थाएं जनसहभागिता से पूरी हो सकेंगी। अब सिंथेटिक ट्रैक वाले हिस्से में घूमने एवं प्रवेश करने पर शुल्क लगेगा। खिलाड़ियों से 300 रुपए प्रति माह एवं अन्य से 500 रुपए प्रति माह शुल्क लेने की योजना है। उसके बाद पास जारी होगा। एक जिला एक खेल एवं पंच गौरव में एथलेटिक्स का चयन किया गया था। इसके तहत यहां एथलेटिक्स के लिए कई सुविधाएं शीघ्र होंगी। एथलेटिक्स को बढ़ावा देने के लिए 60 लाख रुपए के उपकरण आदि की व्यवस्था होगी। पे एंड प्ले के तहत शुल्क खेल अधिकारी देवनारायण गुर्जर ने बताया कि सिंथेटिक ट्रैक की देखभाल के लिए पे एंड प्ले योजना के तहत शुल्क लगाया गया है। वहां बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी। इस शुल्क से विकास एवं सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। ताकि ट्रैक का पूरी तरह उपयोग हो सके। विभाग यह व्यवस्था अपने स्तर पर करने की स्थिति में नहीं है। इसलिए जनसहभागिता से यहां अच्छा वातावरण विकसित किया जाएगा।