ब्यावर| राजकीय अमृतकौर अस्पताल परिसर में शाम ढलते ही नशेडियों और असामाजिक तत्वों का कब्जा हो जाता है। इससे रात में अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों और राहगीरों को परेशानी होती है। रविवार देर रात एमसीएच विंग में भर्ती अपनी बहू की देखरेख कर रहीं सरिता चौहान ने घटना बताई। सरिता ब्यावर की रहने वाली हैं। उन्हें किसी जरूरी काम से रात में मुख्य भवन की तरफ जाना था। वह पिंक टॉयलेट के पास से गुजरीं। वहां 2 से 3 संदिग्ध नशेड़ी बैठे थे। सरिता ने कहा कि ऐसे माहौल से रात में महिलाओं, बुजुर्गों, गंभीर मरीजों के परिजनों में डर बना रहता है। अस्पताल परिसर में रात के समय मुख्य भवनों को छोड़कर बाकी अंधेरे और सुनसान जगहें नशेडियों का ठिकाना बनी हुई हैं। पिंक टॉयलेट के आसपास, मुख्य भवन के पीछे गैस प्लांट के पास, ऐसे इलाके हैं। यहां रोशनी कम है। पिंक टॉयलेट के पास मिली शराब की खाली बोतल।