बूंदी जिले के तालेड़ा उपखंड मुख्यालय पर मंगलवार को कांग्रेस ने विधायक हरिमोहन शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मूसलाधार बारिश के बावजूद हजारों कार्यकर्ता अंबेडकर भवन से रैली निकालते हुए नारेबाजी के साथ तालेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और सरकार विरोधी प्रदर्शन किया। बाद में उपखंड अधिकारी को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तालेड़ा और बूंदी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन का उद्देश्य बूंदी विधानसभा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को सरकार के सामने उठाना रहा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर राठौड़ ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से विकास कार्य प्रभावित हैं, जिससे आमजन और किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन को जिला कांग्रेस अध्यक्ष महावीर मीणा और पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा ने भी संबोधित किया। विधायक हरिमोहन शर्मा ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बूंदी विधानसभा के 47 गांव केडीए क्षेत्र में शामिल होने के कारण विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं और पिछले तीन वर्षों में कोई नया विकास कार्य शुरू नहीं हुआ। उन्होंने तालेड़ा स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और भ्रष्टाचार हावी है। साथ ही किसानों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिलने, भारी बिजली बिल और वीसीआर कार्रवाई के नाम पर परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया। विधायक ने नहर सिंचाई व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गांधी सागर में पर्याप्त पानी होने के बावजूद किसानों को समय पर नहरी पानी उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे धान की फसल को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए नमाना थाना क्षेत्र के जवाहर नगर हत्याकांड के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने और डाबी थाना क्षेत्र में पुलिस पर गरीब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान करने के आरोप लगाए। सत्येश शर्मा बोले- 'राज भी रूठा, राम भी रूठा' पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश की जनविरोधी सरकार से "राज भी रूठा और राम भी रूठा है।" उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी जनता के हर संघर्ष में साथ खड़े हैं। गरीबों को पानी और बिजली तक नहीं दे पा रही सरकार: मीणा जिला कांग्रेस अध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों को न पर्याप्त पेयजल मिल रहा है और न ही नियमित बिजली आपूर्ति। सरकार विरोधी नारों से गूंजा तालेड़ा प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "चंदा चोरों गद्दी छोड़ो", "पानी-बिजली दे न सकी, वो सरकार निकम्मी है", "केडीए हटाओ, बूंदी बचाओ" और "अस्पताल की व्यवस्था सुधरो" जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के अंत में एसडीएम और तहसीलदार ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त किया। इस अवसर पर रामकरण मीणा, शैलेश सोनी, बृजमोहन यादव, निशांत नुवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।