धौलपुर के बाड़ी-बसेड़ी मार्ग पर पंजाबी पुरा गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मध्यप्रदेश में पदस्थ सरकारी शिक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा (40) की मौत हो गई। स्कूल की ड्यूटी पूरी कर गांव लौटते समय उनकी बाइक के सामने अचानक एक मोर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक फिसल गई। शिक्षक ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन उसकी बेल्ट बंधी नहीं थी। हादसे में हेलमेट सिर से निकल गया और उनका सिर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल शिक्षक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मोर को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीकांत शर्मा पुत्र कैलाशी शर्मा, निवासी ईंधोंन (बसेड़ी), मध्यप्रदेश में सरकारी शिक्षक थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पंजाबी पुरा गांव के पास अचानक सड़क पर एक मोर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हेलमेट था, लेकिन बेल्ट नहीं थी बंधी दुर्घटना के समय लक्ष्मीकांत शर्मा ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन उसकी बेल्ट नहीं बांधी थी। बाइक फिसलते ही हेलमेट सिर से निकल गया और उनका सिर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। इस कारण उन्हें गंभीर सिर की चोट आई। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम हादसे के बाद ममता एक्सप्रेस 104 एंबुलेंस के जिला समन्वयक शुभम शर्मा ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पायलट सनी तिवारी की मदद से घायल शिक्षक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हेलमेट की बेल्ट बांधने की सीख छोड़ गया हादसा प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यदि हेलमेट की बेल्ट सही तरीके से बंधी होती तो हादसे के दौरान हेलमेट सिर से नहीं निकलता और सिर में लगने वाली गंभीर चोट से बचाव संभव हो सकता था। यह हादसा हेलमेट पहनने के साथ-साथ उसकी स्ट्रैप बांधने की अहमियत भी बताता है। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ लक्ष्मीकांत शर्मा अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। बच्चों की उम्र 8 वर्ष और 5 वर्ष बताई गई है। शिक्षक की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है।