बाड़मेर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आटी में गुरुवार को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य जुंजारसिंह राजपुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तेलंगाना से आए कलाकार राजू पंजीवला रहे। उन्होंने अपनी अनूठी कला और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को शारीरिक संतुलन, नशामुक्ति और दांतों की स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक और रोचक संदेश दिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और जीवन में अच्छे स्वास्थ्य के नियमों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य जुंजारसिंह राजपुरोहित ने कहा कि विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ उनका शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने और नियमित रूप से स्वच्छता अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम प्रभारी व्याख्याता यास्मीन शेख ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा किशोरावस्था में सकारात्मक सोच और स्वस्थ आदतें ही उज्ज्वल भविष्य का आधार बनती हैं। उन्होंने छात्राओं और विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में अनुशासन और स्वच्छता को प्राथमिकता देने की सलाह दी। व्याख्याता मनीषा चौधरी ने कहा कि कला और मनोरंजन के माध्यम से दी जाने वाली शिक्षा बच्चों के मन पर लंबे समय तक प्रभाव डालती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस कार्यक्रम से सीखी गई बातों को अपने समाज और परिवार तक पहुंचाएं। इस अवसर पर लक्ष्मीकांता खत्री, रीतु परिहार, सवाईसिंह राजपुरोहित, चम्पा चौधरी, मैना चौधरी व भवानीशंकर गर्ग ने संबोधित किया। बाड़मेर. आटी विद्यालय में बच्चों को नशामुक्ति का संदेश देते हुए कलाकार।