अलवर में ट्यूशन जाते समय स्टूडेंट की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उद्योग नगर थाना इलाके में राठी के पास सोमवार शाम करीब 4 बजे हुआ। हादसे में दसवीं क्लास के स्टूडेंट (15) की मौत हो गई। पुलिस ने बताया- स्टूडेंट अपनी बहन के साथ बाइक पर अंबेडकर नगर की तरफ ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। तभी उद्योग नगर थाना क्षेत्र के राठी के पास ट्रैक्टर से बचने के चक्कर में स्टूडेंट की बाइक दूसरी बाइक से भिड़ गई। इससे स्टूडेंट के सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी बहन घायल हो गई, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। उसे ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आई हैं। सामने से आ रही बाइक की टक्कर से हुआ हादसा मृतक के छोटे दादा ने बताया- 15 वर्षीय बालक अपनी बहन के साथ घर से करीब पौने 4 बजे ट्यूशन के लिए निकला था। जब वह उद्योग नगर के राठी के पास पहुंचा, तब आगे ट्रैक्टर और एक बाइक सवार आसपास चल रहे थे। इसी दौरान स्टूडेंट ने ट्रैक्टर से बचने के लिए जैसे ही अपनी बाइक दूसरी तरफ मोड़ी, सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्टूडेंट के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से मृतक छात्र के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।स्टूडेंट अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है।