टेरा एलेगेंस रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी (RWA) के वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। चुनाव परिणामों में टीम ‘सक्षम’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। इसके साथ ही दिलीप ठाकुर को सोसाइटी का नया अध्यक्ष चुना गया। चुनाव नतीजों के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। बैलट पेपर से हुए मतदान में 165 वोट पड़े सोसाइटी चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराए गए, जिसमें कुल 165 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में टीम ‘सक्षम’ को चुनाव चिन्ह ‘उगता हुआ सूरज’ पर 88 वोट मिले, जबकि टीम ‘कर्मयोगी’ को चुनाव चिन्ह ‘हवाई जहाज’ पर 76 वोट प्राप्त हुए। एक वोट निरस्त होने की जानकारी भी सामने आई। पूरे पैनल के साथ जीती टीम ‘सक्षम’ चुनाव परिणाम में टीम ‘सक्षम’ ने पूरे पैनल के साथ जीत हासिल की। विजयी टीम के अध्यक्ष पद पर दिलीप ठाकुर निर्वाचित हुए। उनके साथ अरविंद कौशिक को उपाध्यक्ष, सुरजीत मंडल को महासचिव, पुष्पेंद्र कटारे को कोषाध्यक्ष तथा संजीव कुमार, राहुल देव शर्मा और विनय कुमार को सहसचिव चुना गया। नई कार्यकारिणी में अमितेश दीक्षित, अरुण गुप्ता, रवि यादव, भारत भारद्वाज, अंजू यादव और ज्योति को सदस्य के रूप में चुना गया है। सभी निर्वाचित सदस्यों ने सोसाइटी के विकास, सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं के लिए कार्य करने का भरोसा दिलाया। मुख्य चुनाव अधिकारी ने दिलाई शपथ मुख्य चुनाव अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने विजयी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सभी सदस्य मिलकर सोसाइटी के हित में कार्य करें। इसके बाद उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा। यह चुनाव प्रक्रिया 11 दिनों तक चले कार्यक्रम का हिस्सा रही। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में मुख्य चुनाव अधिकारी धर्मेंद्र कुमार के साथ अजित सिंह, रामअवतार सिंह, ओमप्रकाश स्वामी और कौशल मिश्रा ने अहम भूमिका निभाई। दो वर्षों तक नई कार्यकारिणी संभालेगी जिम्मेदारी सोसाइटी मेंटेनेंस टीम के गणपत और प्रवीण के सहयोग की भी सदस्यों ने सराहना की। चुनाव के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी अब वर्ष 2026 से 2028 तक अगले दो वर्षों के लिए सोसाइटी के प्रबंधन, विकास कार्यों और निवासियों की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी संभालेगी।