भास्कर न्यूज | थांवला कस्बे में बने पटवार भवन को ताला लगाकर अपने निजी आवास पर रिकॉर्ड रखने, आमजन को संतोषजनक जवाब ना देने और काम के बदले दाम मांगने के आरोपों से गिरे पटवारी भागीरथ मल को ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर देवेंद्र कुमार की ओर से तीसरी बार निलंबित किया गया है। साथ ही पटवारी का निलंबन काल के दौरान मुख्यालय श्रीबालाजी किया जाकर विभागीय जांच के आदेश किये गए है। जानकारी के अनुसार गत 4 मई को ग्रामीणों ने कलेक्टर नागौर को शिकायत दी गई जिसमें बताया कि पटवारी भागीरथ मल ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार करता है और पटवार भवन को बंद कर निजी आवास पर रिकॉर्ड रखा जाता है, जिसमें अपने निजी सहायक के माध्यम से रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की जाती है और परिवादियों से सुधार के बदले सुविधा शुल्क की मांग की जाती है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने विभागीय जांच के आदेश जारी कर पटवारी भागीरथ मल को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।