भास्कर न्यूज | अलवर कोर्ट से फरार घोषित डकैती की साजिश का आरोपी 6 माह तक देशभर में ट्रक ड्राइवरी करता रहा। भारत-नेपाल सीमा से आता-जाता रहा। हाइवे-एक्सप्रेस वे दर्जनों बार गुजरा। टोल दिया, नाकों पर जांच कराई मगर किसी राज्य की पुलिस और सुरक्षा एजेंसी ने उसे नहीं पकड़ा। सोमवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे की पुलिया के नीचे ट्रक लेकर जाते समय मिली सूचना के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 में अरावली विहार थाना पुलिस ने आरोपी विश्राम (24)पुत्र रामकिशोर मीणा निवासी नाहरपुर थाना एमआईए व उसके साथियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। डकैती की साजिश का केस दर्ज हुआ। जिसकी सुनवाई अपर जिला सेशन न्यायालय संख्या-तीन में चल रही है। इस बीच आरोपी को कोर्ट से जमानत मिल गई। प्रकरण में 11 जून को फैसले की तारीख तय की गई। जिसमें आरोपी विश्राम को हाजिर होना था। मगर वह नेपाल फरार हो गया था। कोर्ट ने उसके गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए थे। अगली सुनवाई 8 जुलाई थी। पुलिस को सूचना मिली की आरोपी मालाखेड़ा की तरफ आ रहा है। लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने उसे मौजपुर में एक्सप्रेस-वे पुलिया के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।