शहर के वार्ड 27 में अबू बकर मस्जिद के निकट मोहल्ले में गंदा पानी और कीचड़ परेशानी बना हुआ है। मानसून के दौरान होने वाली बारिश के कारण स्थानीय लोगों को घरों से बाहर निकलना दूभर हो जाता है। वार्ड में सलीम चौहान की गली में पिछले कई महीनों से ऐसे हालात बने हुए हैं। इसमें चौंकाने वाली बात यह है कि नगर परिषद ने इस मोहल्ले में सीसी सड़क बनाने के लिए टेंडर निकाला। उसके बाद ठेका फर्म को वर्क ऑर्डर दिया। ठेका फर्म ने दो मोहल्लों में सीसी रोड बना दी। यहां सीसी सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है। भास्कर टीम ने मौके पर जाकर हालात देखे। वहां नगर परिषद की तकनीकी शाखा की लापरवाही साफ तौर पर दिख रही थी। नगर परिषद द्वारा जारी वर्क ऑर्डर के तहत इस पूरे क्षेत्र में सीसी सड़क का निर्माण होना था। ठेकेदार ने अपनी सहूलियत देखते हुए काम बीच में रोक दिया। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पूरी गली में नालियां नहीं होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी रास्ते के बीचों-बीच जमा हो रहा है। कीचड़ और सड़ते पानी के कारण पूरे इलाके में बदबू फैली है। वार्ड 27 के इस मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सीसी सड़क का काम शुरू नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार से जानकारी ली गई। ठेकेदार ने इस गली में सीसी रोड के निर्माण के लिए तकनीकी कारणों से संशोधित एस्टीमेट की आवश्यकता बताई। उसने नगर परिषद से संशोधित एस्टीमेट पास होकर आने तक सीसी सड़क का काम शुरू नहीं करने की बात कह दी। लोगों ने बताया कि टेंडर जारी होने के बाद उसमें किसी भी नियम से संशोधन नहीं हो सकता। टेंडर के आधार पर ठेका फर्म ने वर्क ऑर्डर ले लिया। अब एस्टीमेट संशोधित नहीं होगा। ऐसे में बिना सीसी सड़क के निर्माण के ठेका फर्म भुगतान उठाने का प्रयास कर रही है।