पीबीएम हॉस्पिटल में एक ही सीट पर दो जिला मुख्य नर्सिंग अधीक्षक लगाने का विवाद अब गहराने लगा है। एक पक्ष के सीनियर नर्सिंग ऑफिसर्स ने पीबीएम अधीक्षक का घेराव कर लिया। करीब एक घंटे तक हंगामा हुआ। बाद में नर्सिंग ऑफिसर्स ने घटना को लेकर एसपी मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए कार्यवाही करने की मांग की है। दरअसल विवाद जिला मुख्य नर्सिंग अधीक्षक कक्ष से शुरू हुआ। नव नियुक्त डीसीएनएस लता नायर और यूटीबी के नर्सिंग ऑफिसर रविंद्र के बीच गरमा गर्म बहस हो गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में नर्सिंग ऑफिसर भी वार्डों को छोड़कर वहां पहुंच गए। इससे माहौल गरमा गया। सभी इकट्ठे होकर पीबीएम अधीक्षक डॉ. बीसी घीया के कक्ष में गए। वहां एक घंटे तक हंगामा होता रहा। डीसीएनएस लता नायर, मैट्रन संतोष तंवर, ज्योति पूनिया, राजबाला, किरण रोहिल्ला, सतीश कुमार, रमजान तंवर, सुभाष आदि ने रविंद्र पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की। इसी दौरान रविंद्र ने भी वहां पहुंचकर अपना पक्ष रखा। उसके बाद नर्सिंग ऑफिसर प्रिंसिपल के पास पहुंचे। अधीक्षक और प्रिंसिपल ने इस मामले में आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है। नर्सिंग ऑफिसरों के बीच विवाद को लेकर दोनों पक्ष आए थे। इसकी जांच कराई जा रही है। सुरक्षा का टेंडर बदल गया है। श्रम विभाग के मानकों के अनुरूप ही गार्डों को मानदेय दिया जा सकता है। हालांकि यह मसला ठेकेदार और गार्डों के बीच का है। - डॉ. बीसी घीया, अधीक्षक, पीबीएम हॉस्पिटल