कुचामनसिटी| जिले में मई के शुरुआती पखवाड़े में ही सूर्यदेव के तीखे तेवर ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले 12 दिन से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे पूरा क्षेत्र भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम पारा 29 डिग्री के पार रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 17 मई तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है। शुष्क पश्चिमी हवाओं के कारण पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। विशेषकर 16 और 17 मई को 'सीवियर हीटवेव' की स्थिति बन सकती है, जिससे दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहेंगी। आगामी अनुमान: आसमान पूरी तरह साफ रहने और आर्द्रता के स्तर में गिरावट आने से 'सूखी गर्मी' का असर बढ़ेगा। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने और तरल पदार्थों का अधिक सेवन करने की सलाह दी है।