बारां| पंचायतीराज चुनाव के तहत जिले में चौथे चरण की चुनावी प्रक्रिया 31 अक्टूबर से शुरू होगी। इसके साथ ही बारां, अटरू, छबड़ा और छीपाबड़ौद पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। निर्वाचन आयोग ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 31 अक्टूबर को लोक सूचना जारी की जाएगी। इसके बाद 4 नवंबर तक प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 5 नवंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 6 नवंबर को नाम वापसी का अंतिम दिन रहेगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा और चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।