भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा कांग्रेस संगठन में अब जिलाध्यक्षों की सक्रियता और कार्यशैली पर सीधी निगरानी रखी जा रही है। राहुल गांधी के ड्रीम प्रोजेक्ट संगठन सृजन अभियान के तहत राजस्थान में नियुक्त 50 जिलाध्यक्षों के कार्य का पार्टी हाईकमान नियमित आकलन कर रहा है। इसके लिए विशेष मोबाइल एप जारी किया गया है, जिसमें जिलाध्यक्षों को प्रतिदिन अपनी गतिविधियों का विवरण अपलोड करना होता है। भीलवाड़ा शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम खटीक (जीपी) तथा देहात जिलाध्यक्ष रामलाल जाट को उत्कृष्ट कार्य के आधार पर फाइव स्टार रेटिंग मिली है। दोनों जिलाध्यक्षों की परफॉर्मेंस शत प्रतिशत है। पार्टी ने इन्हें 9 टास्क दिए गए थे वह दोनों ने ही पूर्ण कर दिए। हालांकि दोनों का नाम अभी टाप फाइव में नहीं है। जिलाध्यक्षों का अभी दस दिन का प्रशिक्षण मई माह में प्रस्तावित है। उनके बाद उनकी सही तरीके से सभी जिलाध्यक्षों को रेटिंग मिलेगी। अभी सभी जिलाध्यक्षों को टास्क दिए जा रहे हैं ऐसे में टास्क पूरा होने पर उन्हें रेटिंग दी जा रही है। हालांकि टास्क अभी पीसीसी या एआईसीसी की तरफ से ऑनलाइन दिए जा रहे हैं। ऐसे में सभी जिलाध्यक्ष उन्हें पूर्ण करने के लिए पूरा मुस्तैदी दिखा रहे हैं। गुजरात, मध्यप्रदेश में दस दिन का प्रशिक्षण हो चुका है। उसके बाद सही रेटिंग शुरू होगी। मई में होगा प्रशिक्षण शिविर, उसे बाद मिलेगी सही रेटिंग छह माह बाद होगी समीक्षा: जिलाध्यक्षों की सक्रियता, संगठन मजबूती और जनसंपर्क के आधार पर हर माह सितारा रेटिंग दी जा रही है। लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाले नेताओं को भविष्य में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली बैठक में स्पष्ट किया था कि नए जिलाध्यक्षों के कार्य का हर छह माह में आकलन होगा। जो अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरेंगे, उन्हें बदला भी जा सकता है। पार्टी इससे पहले हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी यह व्यवस्था लागू कर चुकी है, जहां कमजोर प्रदर्शन पर जिलाध्यक्ष बदले गए थे।