नदबई लखनपुर थाना क्षेत्र के गांव टोहिला में रविवार सुबह करीब आठ बजे रोडवेज बस की चपेट में आने से आठ वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत हो गई। हादसे से गुस्साए परिजन व ग्रामीणों ने रोडवेज बस के टायर पंक्चर किए। सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। बाद में सीओ अमरसिंह राठौड़ व थाना प्रभारी विजय सिंह की समझाइश पर मामला निपटा। लखनपुर थाना पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया। उधर, हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा देख बस चालक-परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अलग-अलग वाहनों से सवारियों को गंतव्य की ओर रवाना किया। वहीं, रोडवेज बस को सुरक्षा की दृष्टि से कब्जे में लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार सीकरी थाना क्षेत्र के गांव की आरिका जाटव, पुत्री धारासिंह, अपने मामा की शादी के चलते अपने माता-पिता के साथ लखनपुर थाना क्षेत्र के गांव टोहिला आई थी। रविवार सुबह करीब आठ बजे वह ननिहाल के घर से समीपवर्ती दूसरे घर में हो रहे समारोह में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान भरतपुर डिपो की वैर-भरतपुर रोडवेज बस की चपेट में आने से बच्ची की मौके पर मौत हो गई। परिजन व ग्रामीणों ने बस चालक-परिचालक को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन, चालक-परिचालक फरार हो गए।