भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा भारत विकास परिषद (भाविप) के 63वें स्थापना दिवस के अवसर पर शहर की सातों शाखाओं के बीच आपसी संपर्क, सौहार्द और समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 7 से 12 जुलाई तक खेलकूद सप्ताह-2026 का आयोजन किया जाएगा। 6 दिवसीय इस इन प्रतियोगिताओं में बॉक्स क्रिकेट सहित 8 तरह के गेम खेले जाएंगे। इनमें करीब 300 खिलाड़ी भाग लेंगे। विजेता टीमों और खिलाड़ियों को 500 से 5100 रुपए तक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी प्रतियोगिताएं कृषि मंडी के पास स्थित महेश स्पोर्ट्स एकेडमी (महेश स्कूल परिसर) में होंगी। आयोजन की जिम्मेदारी परिषद की चंद्रशेखर आजाद शाखा को सौंपी गई है। खेलकूद सप्ताह में बॉक्स क्रिकेट, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, पिकल बॉल और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं होंगी। समापन दिवस 12 जुलाई को सुबह 7.30 बजे होने वाली ट्रेजर हंट प्रतियोगिता विशेष आकर्षण रहेगी। पिछले सात सालों से खेली जा रही इन प्रतियोगिताओं में इस साल तीन और प्रतियोगिताएं बॉलीवाल, पिकल बॉल और ट्रेजर हट को जोड़ा गया है। 4 वर्गों में होंगे बॉक्स क्रिकेट मुकाबले- बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता महिला, विद्यार्थी (12 से 18 वर्ष), वरिष्ठ सदस्य और पुरुष वर्ग के बीच खेली जाएगी। महिलाओं और बच्चों के बीच 6-6 ओवर के मेच होंगे, वहीं वरिष्ठ सदस्यों और पुरुष टीमों के बीच 10-10 ओवर के होंगे। वहीं बैडमिंटन (अंडर-13, अंडर-19 व ओपन), शतरंज, कैरम के साथ ही टेबल टेनिस (अंडर-15 व ओपन) में एकल और युगल मुकाबले खेले जाएंगे। बॉक्स क्रिकेट में 16 टीमों के 120, बेडमिंटन मे 32, केरम में 20, पिकल बॉल व शतरंज में 30-30 खिलाड़ी, बॉलीबाल में 40 व टंजर हंट प्रतियोगिता में 30 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सप्ताह के 5 दिन शेष रहते बॉक्स क्रिकेट और बॉलीवाल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने वाले खिलाड़ियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। स्पर्धा के 5 जुलाई तक पंजीकरण- आयोजकों ने बताया कि किसी भी प्रतियोगिता का आयोजन तभी होगा, जब संबंधित वर्ग में कम से कम छह प्रविष्टियां प्राप्त होंगी। बॉक्स क्रिकेट के पंजीकरण की अंतिम तारीख 2 जुलाई निर्धारित थी, जबकि अन्य खेलों के लिए प्रविष्टियां 5 जुलाई रात 8 बजे तक स्वीकार की जाएंगी। इसके बाद कोई आवेदन नहीं लिया जाएगा। परिषद के अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, सचिव प्रशांत खटोड़, कोषाध्यक्ष मोहित पगारिया खेलकूद मुख्य प्रभारी विनीत शर्मा, खेलकूद प्रभारी आशीष लड्ढा व महिला सहभागिता संयोजक विजयलक्ष्मी समदानी ने सातों शाखाओं के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों से भाग लेने की अपील की है। प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार और ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी।