शहर में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिनभर तेज गर्मी का अहसास रहा। दोपहर के समय गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी गर्मी से बचाव के लिए मुंह पर स्कार्फ व कपड़ा बांधकर निकलते दिखाई दिए। बाजारों में भी दोपहर के समय चहल-पहल कम रही। बढ़ती गर्मी के बीच लोगों ने राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लिया। शहर में जगह-जगह लस्सी, जूस व अन्य पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली, जहां लोग गर्मी से राहत पाने के लिए पेय पदार्थों का आनंद लेते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार अब तापमान बढ़ने की संभावना है। आगे क्या: 45 डिग्री के करीब पहुंचेगा तापमान मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पाकिस्तान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं ने बालोतरा के तापमान को अचानक उछाल दिया है। अगले 48 घंटों तक पारा इसी तरह चढ़े रहने के आसार है। गर्मी से राहत के आसार अभी दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं। आगामी चार दिनों तक जिले में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। सप्ताह के अंत तक तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच सकता है। शहर के व्यस्ततम बाजारों में जो चहल-पहल रहती थी, वह अब शाम ढलने के बाद ही नजर आ रही है। ढाबों और ज्यूस की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। कूलर और एसी भी इस भीषण गर्मी के आगे बेअसर साबित हो रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में हालात और भी खराब हैं, जहां गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। कूलर और पंखों की बिक्री बढ़ी, गर्म हवाएं चलने लगी