नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश लेकर देशभर में निकली अखिल भारतीय बाइक रैली शनिवार को उदयपुर पहुंची। फतहसागर की पाल पर कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जवानों, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। इसके बाद रैली को हरी झंडी दिखाकर गुजरात के गांधीनगर के लिए रवाना किया गया। यह रैली राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के तहत गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में होने वाले मुख्य कार्यक्रमों के क्रम में निकाली जा रही है। अजमेर से उदयपुर पहुंची रैली का सुखेर थाना क्षेत्र स्थित बीएसएफ कैंप कविता में स्वागत किया गया। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने रैली के टीम लीडर अमित पाठक, आईजी एनएसजी और अन्य अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। रैली में शामिल जवानों को मेवाड़ी साफा पहनाकर और उपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। फतहसागर की पाल पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, रैली के सदस्यों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने नशामुक्त समाज बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित हस्ताक्षर अभियान में लोगों ने बोर्ड पर हस्ताक्षर कर जीवनभर नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान नशामुक्ति जागरूकता से जुड़े पोस्टर भी जारी किए गए। फोटो बूथ और नुक्कड़ नाटक के जरिये भी दिया संदेश जागरूकता के लिए विशेष फोटो बूथ लगाया गया। कॉलेज विद्यार्थियों और जागरूकता अभियान से जुड़े सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के दुष्प्रभाव बताए। कार्यक्रम के अंत में उदयपुर रेंज के आईजी गौरव श्रीवास्तव और एसपी डॉ. अमृता दुहन ने हरी झंडी दिखाकर रैली को गुजरात के लिए रवाना किया। इस दौरान यातायात और सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी।