अलवर| विश्व हिंदू परिषद की ओर से 200 फीट रोड स्थित वैभव गार्डन में सामाजिक समरसता संगोष्ठी आयोजित की गई। आयोजन संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती महर्षि वाल्मीकि जयंती और वीएचपी नेता अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर हुआ।जिला मंत्री बिजेंद्र खंडेलवाल ने बताया कि मुख्य वक्ता विहिप के केंद्रीय सह संगठन महामंत्री विनायक राव देशपांडे ने कहा कि जिस तरह भगवान राम और निषादराज के बीच प्रेम था तथा महाराणा प्रताप और भील समाज के बीच आत्मीयता थी, उसी तरह हिंदू समाज को भी एकजुट रहना चाहिए। अध्यक्षता शहर मेला कमेटी के अध्यक्ष अजय चांवरिया ने की। विशिष्ट विहिप के प्रांत अध्यक्ष सुभद्र पापड़ीवाल, राजस्थान अखिल जाटव महासमिति के जिलाध्यक्ष कुंदनलाल जाटव, संयुक्त व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष हरमीत सिंह मेहंदीरत्ता, समाजसेवी देशराज अरोड़ा और खंडेलवाल शिक्षा समिति अलवर के अध्यक्ष नारायण बजरंगान रहे। ब्रह्ममुनि महाराज, साध्वी शिवशक्ति प्रहलाद गिरि महाराज, सुमेध सागर और संयोजक प्रेम सिंह राजावत ने भी विचार रखे। जिला अध्यक्ष डॉ. रामदयाल मीणा ने आभार जताया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक डॉ. केके गुप्ता, प्रांत मंत्री राधेश्याम गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।