राष्ट्रीयकृत बैंकों व ग्रामीण बैंकों में 28 सितंबर से तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल रहेगी। इस कारण बैंकों का कामकाज 5 दिन तक ठप रहेगा। 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार व 27 सितंबर को रविवार होने के कारण, दो दिन पहले बैंक अवकाश रहेगा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर, अपनी मांगों को लेकर पूरे देश के बैंक अधिकारी व कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल होंगे। सीकर जिले में लगभग 200 बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इनमें लगभग 1500 कर्मचारी व अधिकारी सम्मिलित होंगे। हड़ताल के कारण सीकर जिले में 3,500 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित होगा। बैंक कर्मचारियों की मांगों में शामिल हैं। पांच दिवसीय बैंक कार्य सप्ताह लागू करना, पीएलआई योजना वापस लेकर इसे व्यावहारिक रूप देना। इस योजना में संशोधन कर सभी वर्ग के कर्मचारी व अधिकारियों को समान रूप से लाभान्वित करना, द्विपक्षीय समझौते के लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान करना आदि। यदि सरकार ने उक्त मांगों पर अति शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो बैंकों में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल रहेगी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस सीकर यूनिट के संयोजक बाबूलाल शर्मा ने यह जानकारी दी।