शहर के तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह मंगलवार के मुकाबले 0.3 और सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। अप्रैल में इसका औसत 37.8 डिग्री तय है। दूसरी तरफ न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री उछलकर 21 डिग्री पर पहुंच गया। लू को लेकर एक दर्जन विभाग अलर्ट मोड पर : लगातार बढ़ते तापमान और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सरकार ने एडीएम (प्रशासन) को हीट वेव प्रबंधन का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो राहत कार्यों, जन-जागरूकता और तैयारियों की निगरानी करेंगे। जिले के सभी उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, नगर निगम आयुक्त समेत 12 विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि लू-तापाघात से बचाव के लिए सावधानी बरतें। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में जाने से बचने की सलाह दी गई है। वहीं चाय, कॉफी, शराब और ठंडे पेयों के अधिक सेवन से बचने, खाली पेट बाहर न निकलने और बच्चों व पशुओं को खड़ी गाड़ियों में अकेला न छोड़ने की हिदायत दी गई है।