चूरू | जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बीते दो दिनों से लगातार घने बादल छा रहे हैं लेकिन बारिश नहीं होने से उमस व गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान में गिरावट व न्यूनतम में बढ़ोतरी से दोनों के बीच का अंतर सिर्फ 7.2 डिग्री रह गया। सोमवार को सुबह से शाम तक घने बादल छाए रहे तथा काली घटाएं भी छाई रही। सोमवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान श्रीगंगानगर (32 डिग्री) सबसे अधिक के बाद चूरू में रहा। चूरू में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.6 तथा न्यूनतम 31.4 डिग्री रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 41.6 व न्यूनतम 29.6 डिग्री रहा था। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मानसून टर्फ लाइन श्रीगंगानगर, दिल्ली, लखनऊ व रांची से होकर गुजर रही है। राज्य के पूर्वी व उत्तर-पूर्वी भागों में आगामी दिनों में बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। 21-22 जुलाई से कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में बारिश की संभावना है। वहीं 23 से 27 जुलाई के दौरान कोटा, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, बीकानेर संभाग में मानसून सक्रिय रहने व बारिश की संभावना है।