भास्कर न्यूज | झालावाड़ दो दिन पहले जारी तबादला सूची के बाद रिक्त हुए जिला रसद अधिकारी (डीएसओ) के पद पर आखिरकार नियुक्ति कर दी गई है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त खाद्य आयुक्त पूनम प्रसाद सागर ने संशोधित आदेश जारी करते हुए पहले सीकर स्थानांतरित किए गए राकेश सोनी का तबादला बदलकर उन्हें झालावाड़ का नया जिला रसद अधिकारी नियुक्त किया है। गौरतलब है कि हाल ही में हुए तबादलों के बाद झालावाड़ में डीएसओ का पद खाली हो गया था। इसके चलते पूरे जिले का खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग केवल एक इंस्पेक्टर के भरोसे संचालित हो रहा था। विभागीय निर्णयों, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस), राशन दुकानों की निगरानी व अन्य प्रशासनिक कार्यों पर इसका असर पड़ने वाला था। विभागीय स्तर पर स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त खाद्य आयुक्त ने संशोधित आदेश जारी किया। इसके तहत राकेश सोनी का सीकर स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें झालावाड़ में जिला रसद अधिकारी पदस्थापित किया गया है। नए डीएसओ की नियुक्ति से राशन वितरण व्यवस्था, निरीक्षण और प्रशासनिक कार्यों का संचालन अब सुचारू रूप से हो सकेगा। इससे उपभोक्ताओं और उचित मूल्य दुकानदारों से जुड़े मामलों का समय पर निस्तारण भी संभव होगा।