पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए श्रीगंगानगर में 7.75 किलो आरडीएक्स और हथियारों की खेप भेजी गई। पैकेट में दो जिगाना पिस्टल, कारतूस और आरडीएक्स को सक्रिय करने के लिए बैटरी व रिमोट भी थे। सोमवार रात खेप लेने पहुंचे पंजाब के दो युवकों को बीएसएफ, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया। चक 5 केएनएम में सोमवार रात करीब 9:15 बजे ड्रोन से तीन पैकेट गिराए गए थे। इनमें 7.750 किलो आरडीएक्स, तुर्की निर्मित दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन, 867 कारतूस, पांच बैटरी, एक रिमोट और दो कैपलर मिले। एएनटीएफ की टीम एक महीने से इस कार्रवाई के लिए निगरानी कर रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह (19) निवासी जालंधर और लखविंदर सिंह (19) निवासी फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों श्रीविजयनगर क्षेत्र में नरमा चुगने के बहाने मजदूर बनकर रह रहे थे। वे बॉर्डर की रेकी भी करते थे और इंस्टाग्राम कॉलिंग के जरिए मुख्य हैंडलर के संपर्क में थे। संबंधित इंस्टाग्राम आईडी पर पाकिस्तान का झंडा लगा था। सुखविंदर पंजाब में थाने पर ग्रेनेड हमले में शामिल था सुखविंदर पंजाब के फाजिल्का में एक पुलिस थाने पर ग्रेनेड हमले में शामिल रह चुका है। उस वारदात में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पाक आतंकवादियों ने ही तैयार करके भेजा आरडीएक्स विशेषज्ञों के अनुसार जो आरडीएक्स आईईडी की फॉर्म में आया था, इसमें एक रिमोट भी लगा था। अगर केप्लर से तारें जोड़ कर बैटरी से कनेक्शन कर दिया जाता तो यह रिमोट से एक्टिव किया जा सकता था। आशंका है कि यह पदार्थ पाक आतंकवादियों ने ही तैयार करके भेजा था। बरामद हुआ आरडीएक्स का विस्फोट लगभग 10 किलो से अधिक टीएनटी के बराबर ऊर्जा पैदा करता है। यह 80 वर्गमीटर क्षेत्रफल (केंद्र बिंदू से करीब 5 मीटर के दायरे) में घातक नुकसान तथा 7850 वर्गमीटर क्षेत्रफल (लगभग 10 से 50 मीटर के दायरे) में गंभीर चोट या अन्य प्रकार का नुकसान पहुंचा सकता है।घातक नुकसान में वहां मौजूद लोगों की जान जाने और उच्च तापमान उत्पन्न होना शामिल है, या फिर वहां मौजूद लोग जिंदगी भर के लिए अंगों को भारी नुकसान होना शामिल है। पैकेट उठाने से पहले पिस्टल लोड कर ली थी खानूवाली पोस्ट से करीब एक किमी दूर खेत में ड्रॉपिंग की गई थी। सूचना मिलने के बाद आसपास निगरानी कर रही बीएसएफ और एएनटीएफ की टीम ने पैकेट लेने पहुंचे दोनों युवकों को पकड़ लिया। सूत्रों के अनुसार, पैकेट उठाने से पहले दोनों ने उनमें से पिस्टल निकालकर लोड कर ली थी, लेकिन वे तीनों पैकेट लेकर नहीं जा सके। राजस्थान में इस साल अवैध हथियारों के 5,828 केस दर्ज राजस्थान में इस साल सितंबर तक अवैध हथियारों के संबंध में 5,828 केस दर्ज हुए और 5,503 लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से 406 बंदूकें, 1,601 रिवॉल्वर-पिस्टल और 6,655 कारतूस जब्त किए गए।