भगवान टॉकीज के सामने स्थित बजरंग नगर इलाके में सीवर लाइन डालने के लिए करीब 8-9 महीने पहले सड़क को खोदा गया था, लेकिन आज तक न तो पाइप लाइन डाली गई है और न ही सड़क की मरम्मत की गई है। अधूरे काम के चलते स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इलाके के निवासियों का कहना है कि खुदी हुई सड़क के कारण रोजाना आवागमन में दिक्कत होती है। बारिश के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है, जहां गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं, वहीं चारपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।