भरतपुर| बयाना तहसील के सूपा गांव में 1 मई को पूर्व मंत्री स्वर्गीय बृजेंद्र सिंह सूपा की मूर्ति का अनावरण किया जाएगा। उनके जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े नेता शिरकत करेंगे। सुबह 10 बजे होने वाले इस अनावरण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मुख्य अतिथि होंगे, जबकि गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के बाद सूपा गांव में विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें क्षेत्रभर से हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्व. बृजेंद्र सिंह सूपा के सुपुत्र एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश सूपा ने बताया कि यह कार्यक्रम उनके जन्मदिवस पर उनके पैतृक गांव में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मौके पर भरतपुर सांसद संजना जाटव, धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।