सरहदी जिले बाड़मेर में कुदरत के तेवर अब जानलेवा होने लगे हैं। आसमान से आग बरस रही है और धोरों की धरती तवे की तरह तप रही है। सोमवार को बाड़मेर ने गर्मी के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए पूरे राजस्थान में हॉट स्पॉट का खिताब अपने नाम कर लिया। इस सीजन में पहली बार पारा 41.8 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा, जिसने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सूरज की तल्खी का आलम यह था कि सुबह 10 बजे ही धूप चुभने लगी थी। दोपहर होते-होते बाड़मेर की सड़कों पर अघोषित 'कर्फ्यू' जैसे हालात नजर आए। विवेकानंद सर्कल, स्टेशन रोड और मुख्य चौराहों पर दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। आगे क्या: 45 डिग्री पहुंचेगा पारा सोमवार को भीषण गर्मी महसूस हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री रहा, जो रविवार के मुकाबले 2.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान भी 23.4 डिग्री तक पहुँच गया है। दिन की तपिश के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। गर्मी बढ़ते ही बाजारों में कूलर और एसी की मांग में जबरदस्त उछाल आया है। मध्यम वर्ग के लोग जहां पुराने कूलरों की मरम्मत करवा रहे हैं, वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम्स पर नए एसी की बुकिंग बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो राहत के आसार अभी दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं। आगामी चार दिनों तक बाड़मेर जिले में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है।