बारां| जिले में पिछले दिनों से लगातार बारिश का दौर थमा हुआ है। इसके कारण अब वातावरण में उमस का असर भी बढ़ गया है। बारिश का दौर थमने और धूप निकलने से गर्मी बढ़ गई है। बुधवार को भी जिलेभर में मौसम का मिलाजुला असर रहा। इस दौरान बादलों की आवाजाही के साथ धूप निकली। जिससे वातावरण में आर्द्रता का स्तर भी बढ़ गया। रात का पारा भी 28 डिग्री के आसपास रहने से लोगों को दिन के साथ रात को भी राहत नहीं मिल रही है। अब जिले में आगामी 5 दिनों तक बारिश के आसार कम है। ऐसे में अब लोगों के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। मौसम केंद्र जयपुर निदेशक डॉ. राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में बारां समेत प्रदेश में कोई भी सिस्टम एक्टिव नही है। इसके कारण बारिश की गतिविधियां थमी हुई है।