धौलपुर| भारतीय किसान संघ के राजस्व प्रमुख लक्ष्मण सिंह चौहान भरतपुर संभाग एवं जिलाध्यक्ष महेश पाल सिंह परमार के नेतृत्व में भारतीय किसान संघ ने बाजरा की खरीद मूल्य पर करने के लिए कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में भारतीय किसान संघ द्वारा मांग की कि भाजपा ने अपने चुनावी संकल्प पत्र में बाजरा को समर्थन मूल्य पर खरीद करने का वादा किया था। परंतु आज सरकार को 3 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं लेकिन आज तक बाजरा की खरीद समर्थन मूल्य पर नहीं की गई है। सरकार द्वारा बाजरा का समर्थन मूल्य ₹2900 प्रति क्विंटल घोषित है। जबकि मंडियों में किसान को उसकी कीमत 2000 से ₹2200 प्रति क्विंटल मिल रही है। ऐसी स्थिति में किसान को नुकसान उठाना पड़ रहा है। भारतीय किसान संघ राजस्थान सरकार से यह मांग करता है कि बाजरा की समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद अविलंब रूप से शुरू की जाए। यदि बाजरा खरीद शुरू नहीं हो पाती है तो हरियाणा सरकार की तर्ज पर समर्थन मूल्य एवं बाजार भाव की भावांतर राशि, किसान को उपलब्ध कराई जावे। जिससे किसानों को उसकी फसल का उचित मूल्य मिल सके। रबी फसल की बुवाई का समय प्रारम्भ हो चुका है प्रदेश में यूरिया व डीएपी की कमी का वातावरण बना हुआ है तथा किसानों को प्रयास करने के बावजूद भी खाद उपलब्ध नहीं हो रहा है। खाद की कमी के कारण कालाबाजारी की शिकायत भी आ रही हैं। जिला कलेक्टर ने उचित कार्रवाई कर निस्तारण करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर अशोक परमार तसीमो, सूबेदार रमेश सिंह परमार जिला कोष प्रमुख, प्रताप सिंह, राम प्रकाश शर्मा, अशोक सिकरवार जिला प्रचार प्रमुख आदि उपस्थित रहे।