भास्कर संवाददाता | चूरू सरदारशहर तहसील के अड़मालसर गांव में कृषि विभाग की टीम ने पुलिस जाब्ते के साथ कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित यूरिया के 229 बैग जब्त किए हैं। विभाग को अड़मालसर निवासी मुकन सिंह के मकान में अवैध रूप से यूरिया के भंडारण और बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना पर उर्वरक निरीक्षक व कृषि अधिकारी विपिन भादू ने कृषि विभाग और सरदारशहर पुलिस की टीम के साथ शाम के समय दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मुकन सिंह ने बताया कि यह यूरिया राणासर बीकान के डूंगर राम देहडू ने यहां रखवाई गई थी। विभाग ने मौके से मिले चंबल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड कंपनी द्वारा निर्मित यूरिया के सभी 229 बैग जब्त कर लिए। मौके से खाद के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। जब्त यूरिया के बैग ग्राम सेवा सहकारी समिति मेहरासर चाचेरा को सौंपे गए हैं। कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग के सहायक निदेशक डॉ. राजेंद्र कुमार, कृषि विस्तार सहायक निदेशक कुलदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।