अक्टूबर का आधा महीना बीतने को है, लेकिन राजसमंद में गर्मी के तेवर अब भी बरकरार हैं। आमतौर पर इस समय तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार दिन का पारा 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। सुबह हल्की ठंडक महसूस होती है, मगर सूरज चढ़ते ही तेज धूप गर्मी बढ़ा देती है। दोपहर में गर्मी से राहत नहीं मिल रही, वहीं शाम को एसी-कूलर चलाने पड़ रहे हैं। आधी रात के बाद ठंडक बढ़ने पर इन्हें बंद करना पड़ता है। दिन और रात के मौसम में अंतर के चलते लोग दोहरे मिजाज का सामना कर रहे हैं। कम बारिश के कारण भी मौसम में अपेक्षित ठंडक महसूस नहीं हो रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री दर्ज किया गया था। बुधवार को अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ और यह 35 डिग्री पर स्थिर रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 22 डिग्री पर पहुंच गया। रात के तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद सुबह हल्की ठंडक बनी हुई है। सुबह 9 बजे के बाद धूप तेज होने लगती है और दोपहर में गर्मी से राहत नहीं मिलती। बारिश कम होने के कारण भी मौसम में अपेक्षित ठंडक महसूस नहीं हो रही है। आगामी दिनों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, हालांकि कुछ दिन आंशिक बादल छा सकते हैं। 15 और 16 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री तथा न्यूनतम 23 से 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 17 और 18 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री रह सकता है। ऐसे में दिन में गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि रात के तापमान में उतार-चढ़ाव संभव है। फिलहाल व्यापक बारिश या मौसम में बड़े बदलाव के स्पष्ट संकेत नहीं हैं। डॉ. जगदीश चौधरी, एमपीयूटी कुंवारिया क्षेत्र में छाए बादल।