जिला मुख्यालय के पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सवाई माधोपुर (72 सीढ़ी) में जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम एवं प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार किया गया। आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद साहू ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीडीईओ देवीलाल मीना, विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीपीसी हरकेश मीना, सीबीईओ जगदीश नागर एवं डाइट उपप्राचार्य राजेश गर्ग उपस्थित रहे। जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम के ब्लॉक स्तरीय विजेताओं ने विभिन्न कौशलों से संबंधित प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला स्तर पर विजेता विद्यार्थी प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे एवं विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने का अवसर मिलेगा। ​कार्यक्रम के सफल आयोजन में उप प्रधानाचार्य सन्तोष कुमार मित्तल, कमल चौधरी, प्रबल कार्यक्रम प्रभारी शिप्रा शर्मा एवं व्याख्याता चेतराम मीना सहित अन्य का विशेष सहयोग रहा। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के परिणाम प्रतियोगिता के ​छात्र वर्ग में दिलराज बैरवा ने पहला तथा अभय सिंह गुर्जर ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं ​छात्रा वर्ग में सोनिया गुर्जर प्रथम एवं मोनिका द्वितीय स्थान पर रहीं। प्रतिभागियों ने कौशल से संबंधित प्रदर्शन किया। सभी विजेता विद्यार्थी अब राजस्थान स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में सवाई माधोपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रबल कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के 14 कौशलों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया।