ढहरिया| क्षेत्र के आस-पास के गांवों में गुरुवार को करवा चौथ का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। पर्व को लेकर सुबह से ही बाजार में महिलाओं की खरीददारी के लिए भीड़ रही। वहीं चौथ माता के मंदिर पर गुरुवार को दोपहर से ही पूजा अर्चना के लिए भीड़ रही। रात को छतों पर चन्द्रमा के दर्शन के इंतजार में खड़ी विवाहितों ने जलधार से अगवानी कर जुग-जुग जिए मेरा भरतार की मन्नत मांगी। गुरुवार को विवाहित महिलाओं के लिए सबसे बड़ा पर्व पर दिनभर चौथ माता के मंदिर में पूजा अर्चना के लिए भीड़ रही। घंटों तक मंदिर के बाहर इंतजार करने के बाद मां की पूजा अर्चना का अवसर मिला। महिलाओं ने पूजा अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि व पति की लम्बी आयु की मन्नत मांगी। महिलाएं सोलह श्रृंगार कर पूजा अर्चना के लिए मंदिर में पहुंची। वहीं सुबह से ही बाजार में खरीद के लिए महिलाओं की भीड़ रही। शादी के बाद पहली बार करवा चौथ व्रत कर रही नवविवाहिताओं ने सुहाग त्यौहार के उल्लास को यादगार बनाया। पति की लंबी उम्र के लिए विवाहिताओं ने सुबह से शाम तक निर्जल व निराहार रह व्रत रखा। सुहागिनों ने शाम को करवाचौथ माता के मंदिर में पूजा कर कहानी सुनी। इसके बाद विवाहिताओं ने परिवार की महिलाओं के साथ चलनी की ओट से चांद को निहार कर अध्र्य दिया। इसके बाद पति व सास-ससुर से आशीर्वाद लिया। सात समंदर पार परदेश गये पिया की लम्बी आयु के लिए क्षेत्र की महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत रखा। धौलेटा निवासी प्रेम बैरवा व सीमा बैरवा तथा गिदानी की गुड्डी देवी ने बताया उनके पति विदेश में है। उनके लिए करवा चौथ का व्रत रखा है। रात को चन्द्र दर्शन करने के बाद अपने पति का वीडियों कॉल कर उनका चेहरा देखकर व्रत खोला।