राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस वार्ता और समीक्षा बैठक के दौरान पंचायती राज आम चुनावों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता भयमुक्त होकर मताधिकार का उपयोग करें और निर्वाचन प्रक्रिया में नियुक्त समस्त कार्मिक पूर्ण गंभीरता से कार्य करे। ​आयुक्त ने जैसलमेर से बाड़मेर तक के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को माकूल पाया। उन्होंने कहा कि मतदान दलों के आवास, भोजन (5 दिन की ठहरने की व्यवस्था), पीने के पानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, छाया और बैठने की पुख्ता व्यवस्था में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं। ​सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर एक कांस्टेबल व होमगार्ड तथा क्रिटिकल एवं संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट, एरिया मजिस्ट्रेट और पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार निगरानी रखेगी। नामांकन एवं विजय जुलूस पर पूर्ण प्रतिबंध की सख्ती से पालना कराई जाएगी। मतगणना दलों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने, जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने तथा सीमांत क्षेत्र होने के कारण हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने पर जोर दिया गया। इस दौरान निर्वाचन पर्यवेक्षक डॉ. अनिल कुमार पालीवाल, जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल, एसपी चूनाराम जाट, उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवीन्द्र कुमार, एसडीएम भवानीसिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।