मार्च में बैक-टू-बैक पांच पश्चिमी विक्षोभ ने जहां गर्मी का पारा उतार दिया। मौसम का कुछ ऐसा ही मिजाज अप्रैल के शुरुआती दो हफ्ते भी रहेगा। बैक-टू-बैक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से आंधी-बारिश का दौर चलेगा और तापमान में सामान्य से कम रहने से भीषण गर्मी नहीं पड़ेगी। हालांकि बीते सालों की बात करें तो राजधानी में अप्रैल में लू चलने के साथ भीषण गर्मी पड़ने लगती है और तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच जाता है। पिछले 10 साल में 6 बार दिन का पारा 42 डिग्री के ऊपर पहुंचा है, जो सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक रहा। इस बार ऐसी परिस्थितियां नहीं बनने से तापमान सामान्य से कम रहने के आसार हैं। पहले हफ्ते सामान्य से 2-3 डिग्री कम रहेगा तापमान पहला हफ्ता : एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से हल्की आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम रहेगा। एक नया विक्षोभ सक्रिय होने से 3-4 अप्रैल को राजधानी सहित आसपास के इलाकों में ओले-बारिश का दौर चलेगा। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होने से गर्मी से राहत मिलेगी। लू चलने के आसार बिल्कुल नहीं हैं। दूसरा हफ्ता : 7 अप्रैल को फिर से एक नया विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से दो दिन आंधी-बारिश होगी और तापमान नहीं बढ़ने से गर्मी से राहत रहेगी। बारिश होने और धूप में तेजी नहीं होने से लू नहीं चलेगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री से कम रहने का अनुमान है। 10 अप्रैल बाद मौसम शुष्क होगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी के आसार हैं। तीसरा हफ्ता : 14 से 21 अप्रैल तक कोई नया सिस्टम एक्टिव होने के आसार कम हैं। मौसम शुष्क होने से गर्मी का असर बढ़ेगा। हालांकि भीषण लू की संभावना नहीं है। तापमान 40 डिग्री के आसपास रहेगा। चौथा हफ्ता : 22 से 30 अप्रैल तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने से पश्चिमी से आने वाली गर्म हवाएं एक्टिव होंगी और तापमान 42 डिग्री के करीब पहुंचने का अनुमान है।