आईपीएल के लिए सवाई मानसिंह स्टेडियम का रिनोवेशन काम लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो गया है। पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने बताया कि एक-दो दिन में स्टेडियम हैंडओवर भी कर दिया जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों को अपनी जगह पर आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए 23 गैलरी बनाई गई हैं। ये एक अच्छी पहल थी। बेशक इस कारण करीब 2500 सीटें भी स्टेडियम में कम हो गईं। लेकिन इन गैलरियों पर ठेकेदार ने आनन-फानन में ही काम किया है। ठीक से इन्हें लेवल भी नहीं किया गया है। आईपीएल मैच देखने आने वालों को इंजरी होने का पूरा खतरा है। ठेकेदार ने तोड़कर गैलरियां तो बना दीं, लेकिन इन्हें ढंग से लेवल नहीं किया गया। जहां-जहां से तोड़ा गया है वहां ठीक से प्लास्टर तक नहीं किया गया। स्टेडियम हैंडओवर करने से पहले इन गैलरियों को ठीक से प्लास्टर सहित अन्य काम करवाकर लेवल करना जरूरी है, वरना इंजरी का खतरा रहेगा।