धौलपुर | राजकीय महाविद्यालय राजाखेड़ा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ‘विकसित भारत की संकल्पना में गांधीजी के विचारों की प्रासंगिकता’ विषय पर जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। इसमें धौलपुर जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वावलंबन, स्वदेशी और स्वच्छता के विचारों की वर्तमान समय में उपयोगिता पर विचार रखे। प्रतियोगिता में राजकीय विधि महाविद्यालय धौलपुर की टीम को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया, जबकि सर्वश्रेष्ठ वक्ता का पुरस्कार राजकीय महाविद्यालय बसेड़ी की छात्रा वर्षा शर्मा ने प्राप्त किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के तर्क, विषय की समझ, अभिव्यक्ति और प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में राजकीय कन्या विद्यालय राजाखेड़ा की प्रधानाचार्य ममता गुप्ता, राजकीय महाविद्यालय सैंपऊ के सहायक आचार्य समीर पाल सिंह तथा बसेड़ी के सहायक आचार्य भरत कुमार रामनानी मौजूद रहे।