राजस्थान पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान के दौरान पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अरुणकुमार हसीजा और एसपी हेमंत कलाल ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान कार्मिकों से जानकारी ली और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए 2100 से अधिक पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला पुलिस के साथ चित्तौड़गढ़ पुलिस, राजसमंद व ब्यावर होमगार्ड, 12वीं बटालियन आरएसी, एसबीसी बांसवाड़ा व राजसमंद, जीआरपी अजमेर और पुलिस प्रशिक्षण केंद्र से अतिरिक्त बल तैनात किया गया। एएसपी महेंद्र पारीक, एएसपी (त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ) बंशीलाल सहित सुपरवाइजरी अधिकारी, डीएसपी और थानाधिकारी लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता लगाया गया है। सेक्टर और मोबाइल पार्टियां भी लगातार गश्त कर रही हैं। मतगणना केंद्रों पर पास से मिलेगा प्रवेश : मतदान के बाद मतगणना को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए भी सुरक्षा योजना तैयार की गई है। एसपी हेमंत कलाल ने मतगणना केंद्रों के प्रवेश और निकास द्वारों पर केवल अधिकृत पासधारकों को प्रवेश देने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों के बाहर भीड़ नियंत्रण, यातायात और पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों की ओर से जुलूस या हुड़दंग की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक खबरें और भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर साइबर टीम नजर रख रही है।