भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से क्षेत्र में आगामी 24 घंटों के दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने के साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों में बूंदाबांदी/ हल्की बारिश होने की संभावना रहेगी। इस संबंध में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। साथ ही इसके बाद आगामी एक सप्ताह के दौरान हीटवेव का प्रभाव बना रहने की संभावना व्यक्त की है। क्षेत्र में मंगलवार को दिनभर धूप खिली रही तथा तपिश का प्रभाव रहा। दोपहर में भीषण तपिश का प्रभाव रहा। अधिकतम तापमान भी गत दिवस से 1.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 43.5 डिग्री सेल्सियस आ गया। शाम को पांच बजे के बाद धूप का प्रभाव कम होने पर आमजन को तपिश से राहत मिली। जयपुर के मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदला हुआ है तथा आंधी बारिश का मौसम बना हुआ है। श्रीगंगानगर-हनुमानगढ ़ क्षेत्र में आगामी 24 घंटों के दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से अंधड़ के साथ ही अलग अलग क्षेत्रों में बूंदाबांदी/ हल्की बारिश होने की संभावना रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.5 व न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय हवा में नमी 59 व शाम को 32 प्रतिशत दर्ज की गई।