फर्जी टेलीग्राम चैनल बनाकर ट्रेड और गेमिंग एप बनाकर 3 ठगों ने साइबर ठगी कर ली। आरोपियों ने न्यू जॉइनिंग के नाम से अलग-अलग लोगों को मोटे मुनाफे का लालच दिया था। टोंक की सदर थाना पुलिस ने बुधवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सदर थाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से एक हजार दस रुपए और तीन मोबाइल जब्त किए हैं। फर्जी खातों में रकम ट्रांसफर कराई डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया- साइबर ठगी करने के मामले में उनियारा थाना क्षेत्र के गुमानपुरा निवासी अंकित (22)पुत्र सुरजमल मीणा, धारासिंह (19) पुत्र हेमराज मीणा, बनेठा थाना क्षेत्र के सड़ा निवासी विकास (20) पुत्र सत्यनारायण जाट को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जिन मोबाइल नम्बरों का उपयोग साइबर ठगी में किया उन्हें ट्रैस किया गया है। साइबर ठगी की राशि अलग-अलग फर्जी खातों में ट्रान्सफर करवायी गई है। आरोपियों ने जिन बैंक खातों में ठगी की राशि डलवाई उन बैंक खातों पर NCRP पोर्टल पर अब तक कुल 4 शिकायतें दर्ज हैं। बैंक खातों में लाखों रूपयों की राशि का लेन देन संभव है। तीनों आरोपी द्वारा साइबर अपराध को अंजाम देने के लिए फर्जी टेलीग्राम चैनल पर ट्रेड एप पर डबलिंग का झांसा देकर न्यू ज्यॉनिंग के नाम से अलग अलग लोगों को मोटा प्रोफिट दिलवाने का लालच दिया था। यह कार्रवाई एसपी रोशन मीना के निर्देशानुसार सदर थाना प्रभारी अंकेश कुमार और डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस ने की है।