भास्कर न्यूज | देवली स्थानीय नगरपालिका सभागार में बुधवार से सत्रारंभ प्रधानाचार्य वाक्पीठ संगोष्ठी का विधिवत शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस संगोष्ठी के पहले दिन शिक्षण गुणवत्ता, नवाचार और प्रशासनिक दायित्वों को लेकर गहन मंथन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक पारस चंद जैन उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर नगरपालिका अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा, एसीबीईओ द्वितीय प्रधान लाल मीणा एवं एसीबीईओ प्रथम अरुण कुमार शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीबीईओ देवली हरिनारायण वैष्णव ने की। संगोष्ठी के प्रारंभ में वाकपीठ अध्यक्ष अनिता लाठी ने सभी अतिथियों एवं प्रधानाचार्यों का स्वागत करते हुए उन्हें आगामी दो दिनों तक अपने शैक्षणिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प दिलाया। मुख्य अतिथि पारस चंद जैन ने अपने उद्बोधन में प्रधानाचार्यों को सतत स्व-अध्ययन, अनुशासन और सजगता के साथ स्कूल संचालन करने की प्रेरणा दी। अध्यक्षता कर रहे सीबीईओ हरिनारायण वैष्णव ने विभागीय नियमों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित करने और स्कूलों में नवाचारों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया। वाक्पीठ सचिव भगवान शर्मा ने बताया कि संगोष्ठी के तकनीकी सत्रों में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। चंद्रप्रकाश माहेश्वरी ने प्रभावी प्रार्थना सभा संचालन, सत्येंद्र कुमार जोशी ने संस्था प्रधान की भूमिका एवं दायित्व, वसुधा शर्मा ने सह-शैक्षिक गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा राजेश कुमार खींची ने शाला दर्पण अपडेट विषय पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। संगोष्ठी का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करना तथा प्रशासनिक दक्षता को बढ़ावा देना है। टोंक |खटीक समाज की ओर से निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन पीपलू पूर्णिमा (बुद्ध-पूर्णिमा) पर शुक्रवार को गांधी पार्क के पास स्थित शिव हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित होगा। सम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और आयोजन स्थल पर टेंट सहित अन्य व्यवस्थाएं तेजी से की जा रही हैं। सम्मेलन समिति के एडवोकेट कमलेश चौहान व राजेंद्र चावला ने बताया कि सम्मेलन में कुल 51 जोड़ों का निशुल्क सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम के तहत सुबह 8 बजे से विभिन्न वैवाहिक रस्मों की शुरुआत होगी, इसमें पारंपरिक निकासी हाथी-घोड़ों के साथ निकाली जाएगी। इसके बाद तोरण, कलश यात्रा सहित अन्य अनुष्ठान और विधिवत मंत्रोच्चार के साथ परिणय संस्कार संपन्न कराया जाएगा। समिति अध्यक्ष गुड्डू खटीक ने बताया कि सम्मेलन को लेकर समाज में विशेष उत्साह है। सम्मेलन में पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता और ज्योतिषाचार्य पंडित राजकुमार शर्मा अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।