टोंक में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक फर्म पर 2 हजार लीटर घी को सीज कर दिया। यह घी नकली होने का शक है। मिलावटी सामग्री पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को यह कार्रवाई की गई। इसके अलावा 30 लीटर घी, तेल आदि एक्सपायरी डेट का मिलने पर नष्ट किया। यह कार्रवाई टोंक शहर, मेहंदवास और छान इलाकों में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर और उनकी टीम ने की। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ शैलेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया- यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा व औषधि नियंत्रण आयुक्त टी शुभंगला के निर्देश की पालना में की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ शैलेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया- खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने टोंक शहर में सवाई माधोपुर रोड पर संचालित फर्म शान्तिनाथ ट्रेडिंग कंपनी का औचक निरीक्षण किया। वहां घी सागर, सरस ब्रांड और जय श्री कृष्णा ब्रांड का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भिजवाया। साथ ही शेष बचे 1551 लीटर घी सागर सरस ब्रांड और 457 लीटर घी जय श्री कृष्णा ब्रांड को मिलावट का अंदेशा होने के कारण सीज किया गया। इसी प्रकार छान कस्बे में स्थित कमल किराना स्टोर का निरीक्षण कर घी सरस ब्रांड का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भिजवाया गया। इसी प्रकार मेहंदवास हाईवे पर स्थित वीर तेजाजी मार्ट का निरीक्षण कर घी सरस ब्रांड का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। साथ ही इस फर्म में करीब तीस किलो अवधि पार मिले घी, तेल व मसाले को मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही प्रतिष्ठान पर भारी अनियमितता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने बताया- मिलवाटी खाद्य तेल, मिलावटी घी, मिलावटी दूध एवं दूध से निर्मित खाद्य पदार्थ (मावा, पनीर आदि ) मिलावटी मसाले, अन्य मिलावटी खाद्य सामग्री (पेय पदार्थ, आटा, बेसन, इत्यादि) तथा खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोकथाम विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। मिलावट पाये जाने पर नियमानुसार मिलावट खोरों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुर्जर के साथ सहायक कर्मचारी राजेंद्र सैनी, रामेश्वर प्रसाद, जितेंद्र आदि उपस्थित रहे।