मकान में चल रही पार्टी का विरोध करने पर मकान मालिक के बेटे ने कॉलोनी वासियों पर चाकू से हमला कर दिया। पहले गाली-गलौच की, फिर चाकू से वार किए, जिसमें 2 युवक घायल हो गए। इसमें से एक को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि दूसरे को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान के अंदर से छह युवतियों और दो युवकों को डिटेन किया है। हालांकि पुलिस पहुंचने से पहले मकान मालिक प्रदीप शर्मा के बेटे लवेश शर्मा समेत चार पांच हमलावर फरार हो गए। युवतियों को सखी वन स्टॉफ सेंटर में छोड़ा गया है। घटना सोमवार की रात करीब दस बजे की है। 3 पॉइंट्स में समझिए पूरा मामला शोर-शराबे के विरोध पर चाकूबाजी, एक जयपुर रेफर: टोंक के नीलकंठ कॉलोनी स्थित मकान में सोमवार रात करीब 10 बजे चल रही पार्टी और शोर-शराबे को टोकने पहुंचे मोहल्लेवासियों पर आरोपियों ने चाकूबाजी कर दी। हमले में संजय सैनी और रामेश्वर सैनी (35) घायल हो गए। घायलों को तत्काल सआदत अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते रामेश्वर सैनी को जयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 6 युवतियां और 2 युवक डिटेन: घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी भंवर लाल वैष्णव और सिटी CO मृत्युंजय मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मकान के अंदर से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 6 युवतियों को कड़ी सुरक्षा के बीच बाहर निकालकर डिटेन किया है। मुख्य आरोपी फरार, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड आया सामने: कोतवाल भंवर लाल वैष्णव के अनुसार, घटना के बाद मकान मालिक का बेटा लवेश शर्मा अपने 4-5 साथियों समेत फरार हो गया। आरोपी लवेश शर्मा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर टोंक सदर थाने में पहले से पॉक्सो एक्ट व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।