जिले में यूरिया खाद की कालाबाजारी और अवैध परिवहन के खिलाफ टोंक पुलिस की जिला विशेष टीम (डीएसटी) और बनेठा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान अवैध रूप से यूरिया खाद के 98 कट्टों से भरी एक पिकअप गाड़ी को जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के खाद का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी रामसिंह (28) और रामचरत (28) माली, सवाई माधोपुर जिले के खंडार थाना क्षेत्र के सोनकच्छ गांव के रहने वाले हैं और रिश्ते में चचेरे भाई हैं। बनेठा थाना पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि अहमदपुरा चौकी क्षेत्र से एक पिकअप अवैध रूप से यूरिया खाद लादकर सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा की ओर जा रही है। सूचना पर डीएसटी और बनेठा पुलिस की टीम ने तुरंत घेराबंदी की और संदिग्ध पिकअप को रुकवाया। तलाशी लेने पर उसमें यूरिया के 98 कट्टे भरे मिले। जब चालक से इस खाद के परिवहन, स्टॉक या खरीद से जुड़े वैध कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जिन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। होगी सख्त कार्रवाई "पुलिस कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। जब्त किए गए यूरिया के कट्टों और बैच नंबर की विस्तृत जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह खाद किस अधिकृत विक्रेता (डीलर) के स्टॉक से अवैध रूप से बेची गई थी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" - वीरेंद्र सिंह सोलंकी, संयुक्त निदेशक (कृषि विस्तार), टोंक