भास्कर न्यूज | टोंक जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ इस साल टोंक पुलिस ने पिछले सालों कार्रवाई करते हुए तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। लगातार चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने 51 अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 88 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान स्मैक, डोडा पोस्त, अफीम, गांजा, चरस व एमडी जैसे विभिन्न मादक पदार्थों की बड़ी मात्रा में जब्ती की गई है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 5 करोड़ 23 लाख 91 हजार से ज्यादा है। पिछले तीन साल के शुरुआती चार माह (अप्रैल) तक नशे विरुद्ध की गई कार्रवाई को देखे तो 2026 में 2024 से 131.82 प्रतिशत प्रकरण व 252 प्रतिशत गिरफ्तारी और 2025 के मुकाबले 2026 में 24.39 प्रतिशत प्रकरण व 62.96 प्रतिशत ज्यादा गिरफ्तारियां हुई है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार इस साल अप्रैल माह तक स्मैक के 19 मामलों में 38 आरोपियों को गिरफ्तार कर 0.900 ग्राम स्मैक बरामद की गई। जो पिछले कुछ सालों में सबसे ज्यादा है। स्मैक के अलावा डोडा पोस्त के 10 मामलों में 18 तस्करों को पकड़ा गया और उनके कब्जे से 263.83 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया। अफीम और अफीम के पौधों से जुड़े कुल 5 मामलों (3+2) में 7 आरोपियों (6+1) को गिरफ्तार कर 2.247 किलोग्राम अफीम और 15.77 किलोग्राम अफीम के पौधे बरामद किए गए। इसी तरह गांजा और गांजा के पौधों से संबंधित 16 मामलों में 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर 569.30 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया,जो कुल जब्ती में सबसे बड़ी मात्रा है। पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ कार्रवाई में और अधिक तेजी लाने के लिए आमजन से भी इसमें सहयोग अपेक्षा रहती है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। जनसहयोग से ही इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। 2024-25 के 79 के मुकाबले 2026 में 88 तस्कर गिरफ्तार : जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में वर्ष दर वर्ष स्पष्ट तेजी देखने को मिल रही है। वर्ष 2024 में पुलिस ने 22 प्रकरण दर्ज कर 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 41 प्रकरण और 54 गिरफ्तारियों तक पहुंच गया। वहीं 2026 में अब तक 51 प्रकरणों में 88 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। यह तुलनात्मक आंकड़े दर्शाते हैं कि पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक सख्ती व सक्रियता के साथ आगे बढ़ाया है, जिससे तस्करों पर प्रभावी दबाव बना है। कार्रवाई कर रहे जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए टोंक पुलिस प्रयासरत है। इस साल जनवरी से अप्रैल तक टोंक के विभिन्न थानो, डीएसटी की ओर से अवैध मादक पदार्थ पर कार्रवाई 51 प्रकरणों में 88 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीमावर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के अलावा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। - राजेश कुमार मीना, एसपी-टोंक।