राजधानी जयपुर में मानसून की पहली बारिश ने शहर के विकास कार्यों और प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोल दी। शुक्रवार दोपहर बाद शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल टोंक रोड पर अचानक सड़क धंस गई। देखते ही देखते सड़क पर करीब 20 फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम शुरू कराया गया। सड़क धंसने के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। मौके पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो। भारी मशीनों की मदद से गड्ढे को भरने और सड़क को दोबारा तैयार करने का कार्य शुरू किया गया। सीवरेज लाइन के डक्ट में रिसाव से धंसी सड़क JDA के जोन-ए के अधिशासी अभियंता (XEN) दीपक अग्रवाल ने बताया- टोंक रोड पर पहले सीवरेज (टॉयलेट) लाइन और गैस लाइन बिछाने का काम किया गया था। इस दौरान लाइन के लिए बनाया गया डक्ट तकनीकी मानकों के अनुरूप सही तरीके से फिट नहीं किया गया था। मानसून की पहली बारिश में पानी रिसकर अंदर चला गया, जिससे नीचे की मिट्टी कमजोर हो गई और सड़क धंस गई। उन्होंने बताया कि फिलहाल मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है और अगले 24 घंटे के भीतर सड़क को पूरी तरह दुरुस्त कर आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। मानसून की पहली ही बारिश में राजधानी की प्रमुख सड़क पर इस तरह का बड़ा गड्ढा बनने से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गनीमत रही कि सड़क धंसने के दौरान वहां से कोई भारी वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल जेडीए प्रशासन ने क्षेत्र को सुरक्षित कर मरम्मत कार्य तेज कर दिया है।"